ऐलनाबाद। बीती रात शहर की हनुमानगढ़ रोड पर स्थित अंडर ब्रिज के पास से दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने समाजसेवी व मानव संरक्षण कल्याण संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेश वर्मा को अगवा कर लिया। सीसीटीवी फुटेज में दो अज्ञात व्यक्ति उनको मोटरसाइकिल पर बिठाकर ले जाते नज़र आ रहे है। पुलिस को दी शिकायत में किशन पुत्र सीताराम निवासी वार्ड नंबर 8 ऐलनाबाद ने बताया कि उसका भाई राजेश वर्मा उम्र करीब 48 वर्ष ऐलनाबाद में रहता है। कल रात को वह घर से खाना खाकर अपने मोटरसाइकिल पर सवार होकर हुड्डा कॉलोनी में स्थित अपने कार्यालय गया था और वहां से करीब 9 बजे अंडर ब्रिज हनुमानगढ़ रोड ऐलनाबाद के पास स्थित पेट्रोल पंप पर पेमेंट लेने के लिए गया था लेकिन वह पेट्रोल पंप पर नहीं पहुंचा और ना ही वापस घर आया। उसके बाद हमने उसके फोन नंबर पर संपर्क किया तो किसी अज्ञात व्यक्ति ने उठाया और हमारे को सही पता नहीं बताया। उसके बाद उसका अभी तक कोई पता नहीं चला है। शिकायतकर्ता ने उसके भाई राजेश वर्मा का पता लगाने के लिए स्थानीय पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर धारा 127 (6) बीएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू क़ी है. अभी-अभी सूचना मिली है की समाजसेवी राजेश वर्मा राजस्थान के नोहर तहसील के गांव (राशनपूरा दोलेवाला बास) से मिल गए हैं अपहरणकर्ता उन्हें रात्रि करीब 3:00 बजे यहां छोड़कर फरार हो गए हैं अपहरणकर्ता उनके सोने की अंगूठी,कड़ा, मोटरसाइकिल ले गए हैं.
