हनुमानगढ़। जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के उद्देश्य से हनुमानगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोमवार को बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मामले दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पहली कार्रवाई संगरिया थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस गश्त के दौरान मंगल विहार कॉलोनी के गेट के पास संदिग्ध अवस्था में घूम रहे परमजीत सिंह उर्फ गगन (29) निवासी वार्ड नंबर 12, ढाबा को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक धारदार हथियार बरामद हुआ, जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। इसी क्रम में संगरिया क्षेत्र में ही दूसरी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मंगल विहार कॉलोनी के नजदीक आम सड़क से कुलविंदर (31) निवासी रतनपुरा, संगरिया को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से भी एक धारदार हथियार मिला। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी सार्वजनिक स्थान पर हथियार लेकर घूम रहे थे, जिससे आमजन में भय और असुरक्षा का माहौल उत्पन्न हो सकता था। तीसरी गिरफ्तारी रावतसर थाना क्षेत्र में की गई। टोपरिया से गोकुलपुरा रोड पर गश्त के दौरान पुलिस ने पवन उर्फ मोहनलाल (41) निवासी वार्ड नंबर 2, ढंढेला को रोका। तलाशी के दौरान उसके पास से भी एक धारदार हथियार बरामद हुआ। इसके बाद उसे आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध हथियार रखने, प्रदर्शन करने या सार्वजनिक स्थानों पर भय फैलाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी स्थिति में ऐसे तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा। सभी गिरफ्तार आरोपियों से हथियार रखने के उद्देश्य को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि किसी आपराधिक मंशा या संभावित नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
