पीलीबंगा। पीलीबंगा थाना क्षेत्र में सूरतगढ़ फोरलेन स्थित गांव अमरपुरा के रेलवे फाटक पर बने ओवरब्रिज पर मंगलवार को सड़क हादसा हो गया। ओवरब्रिज के बीच बने डिवाइडर से टकराकर एक निजी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में बस में सवार करीब 20 यात्री घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। जानकारी के अनुसार नगर पालिका के जमादार अमीचंद वाल्मीकि के नाती के नामकरण समारोह में शामिल होने के लिए उनका परिवार और रिश्तेदार निजी बस से बीकानेर से पीलीबंगा आ रहे थे।

बस में परिवार के सदस्य, महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे सवार थे। शुक्रवार को दोपहर करीब 12 बजे जैसे ही बस अमरपुरा ओवरब्रिज पर पहुंची, चालक संतुलन खो बैठा और बस डिवाइडर से टकराकर एक ओर पलट गई। बस के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग सहायता के लिए दौड़ पड़े। हादसे के तुरंत बाद राहगीरों और ग्रामीणों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची।

घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पीलीबंगा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। डॉक्टरों के अनुसार 4 यात्रियों की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला मुख्यालय स्थित राजकीय चिकित्सालय हनुमानगढ़ रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का उपचार पीलीबंगा में जारी है। घटना की सूचना पर उपखंड अधिकारी उमा मित्तल, थाना प्रभारी जगदीश कड़वासरा सहित पुलिस एवं प्रशासनिक टीम अस्पताल पहुंची। अधिकारियों ने घायलों की कुशलक्षेम पूछी और चिकित्सकों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए। पुलिस ने बस को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू करवाया।
