हनुमानगढ़। जंक्शन की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित बाबा भंवरनाथ शिव कुटिया में महाशिवरात्रि के पावन पर्व को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। महाशिवरात्रि के अवसर पर रविवार को शिव कुटिया में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें जलाभिषेक और रुद्राभिषेक प्रमुख रूप से किए जाएंगे। मंदिर परिसर में भगवान शिव को धतूरा, भांग तथा अन्य पूजन सामग्री अर्पित की जाएगी।

श्रद्धालुओं के लिए पंचमृत प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई है। आयोजकों के अनुसार महाशिवरात्रि पर बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की संभावना है। बाबा सहूनाथ ने बताया कि शिव कुटिया लगभग 80 वर्ष पुरानी धार्मिक आस्था का केन्द्र है और यहां आने वाले श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

मंदिर परिसर में शिवलिंग के साथ भगवान विष्णु, लक्ष्मीनारायण, काल भैरव, शीतला माता एवं खेतरपाल की भी स्थापना की गई है, जिससे यह स्थल श्रद्धालुओं के लिए विशेष महत्व रखता है। उन्होंने जानकारी दी कि बाबा भंवरनाथ ने लगभग 40-50 वर्ष पूर्व समाधि ली थी।

उनके पश्चात जसवंतनाथ गद्दी पर विराजमान रहे, जिन्होंने वर्ष 1998 में देह त्याग किया। इसके बाद से बाबा सहूनाथ पिछले 25 वर्षां से गद्दी की सेवा संभाल रहे हैं। महाशिवरात्रि के पर्व को लेकर क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखा जा रहा है तथा श्रद्धालु भगवान शिव की आराधना के लिए बड़ी संख्या में पहुंचने की तैयारी कर रहे हैं।

