हनुमानगढ़। महाशिवरात्रि का पावन पर्व रविवार को जिलेभर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। जंक्शन देवभूमि स्थित श्री काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर में श्री नीलकंठ महादेव सेवा प्रन्यास के तत्वावधान में विशेष धार्मिक आयोजन किए गए, जहां दिनभर भगवान शंकर का जल एवं दूध से अभिषेक कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। प्रात:काल पूर्व उपसभापति नगीना बाई, प्रन्यास के संस्थापक एवं अध्यक्ष अश्वनी नारंग, सचिव चिमन मित्तल, उपाध्यक्ष रामचन्द्र बाघला, भीष्म कौशिक, रत्तीराम शाक्य, महावीर शर्मा, सुरेन्द्र गाड़ी, विजय भूतना ने पंडित धर्मंद्र तिवाड़ी के सानिध्य में शिवलिंग पर बेलपत्र, धतूरा आदि अर्पित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की। वैदिक मंत्रोच्चारण और हर-हर महादेव के जयघोष से मंदिर परिसर गूंज उठा। मंदिर में दिनभर भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा, जिसमें श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए। सुबह से ही दर्शनार्थियों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं, जो देर शाम तक जारी रहीं। श्रद्धालुओं ने परिवार सहित पहुंचकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। प्रन्यास की ओर से अल सुबह 5 बजे से भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा।
