हनुमानगढ़। महाशिवरात्रि के मौके पर रविवार को जंक्शन में वार्ड 52 स्थित सुरेशिया के शिव पार्क के पास श्री बाबा रामदेव सेवा समिति एवं जन सहयोग के तत्वावधान में भोले बाबा का 26वां जागरण आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व पार्षद मनोहर काच्छी की ओर से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। पूरे दिन श्रद्धालुओं ने भगवान भोले बाबा की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। रात्रि को जागरण हुआ। इसमें सिरसा के कलाकारों की ओर से प्रस्तुत आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। भजन संध्या में ज्योति प्रिन्स शर्मा श्रीगंगानगर तथा प्रिंस म्यूजिकल ग्रुप श्रीगंगानगर ने अपनी मधुर भजन प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु देर रात तक भजनों पर झूमते रहे और हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा। सोमवार सुबह 11.15 बजे से भंडारे का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में पुजारी चन्द्रमोहन शर्मा सहित समिति के सेवादारों एवं दीना दीनदयाल सेवादारों का विशेष सहयोग रहा।
