हनुमानगढ़। मांगों एवं लंबित समस्याओं के समाधान को लेकर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने से नाराज राजस्थान रोडवेज के सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने सोमवार से रोडवेज डिपो में दो दिवसीय धरना शुरू कर दिया। यह धरना राजस्थान स्टेट रोडवेज एम्पलाइज यूनियन व रिटायर्ड एम्पलाइज एसोसिएशन के बैनर तले प्रदेश कार्यसमिति के निर्देशानुसार आयोजित किया जा रहा है। धरने के साथ ही कर्मचारियों ने राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक के नाम मुख्य प्रबंधक को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की। एसोसिएशन के सचिव केहर सिंह ने बताया कि लंबे समय से सेवानिवृत्त कर्मचारियों का बकाया भुगतान लंबित पड़ा है। सितम्बर 1998 से रिटायर्ड कर्मचारियों के कई भुगतान अब तक नहीं किए गए हैं, जिससे कर्मचारियों और उनके परिवारों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने राज्य सरकार के बजट पर भी निराशा जताते हुए कहा कि इस बार भी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को कोई राहत नहीं मिली। धरने के दौरान कर्मचारियों ने रोडवेज की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि निगम में बसों की भारी कमी चल रही है, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। एसोसिएशन ने मांग की कि नकारा और पुरानी बसों को बंद कर जल्द से जल्द 2500 नई बसें खरीदी जाएं, ताकि परिवहन व्यवस्था में सुधार हो सके। इसके अलावा कर्मचारियों ने रिक्त पड़े चालक, परिचालक और तकनीकी वर्ग के 12385 पदों में से कम से कम 50 प्रतिशत पदों को नई भर्ती के माध्यम से भरने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि स्टाफ की कमी के कारण कार्यरत कर्मचारियों पर अतिरिक्त बोझ बढ़ रहा है और सेवाओं की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। एसोसिएशन ने ग्रेड पे 2800 करने, कर्मचारियों को समय पर साप्ताहिक अवकाश देने, मेडिकल सहित अन्य अवकाश स्वीकृत करने, दो ऐच्छिक अवकाश तथा 30 दिन का उपार्जित अवकाश उपलब्ध कराने जैसी मांगें भी ज्ञापन में शामिल की हैं। रिटायर्ड कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगपत्र में उल्लेखित समस्याओं का समय रहते समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस मौके पर देवीलाल बिश्नोई, सन्दीप कुमार, शुभकरण, भंवर सिंह, विशाल सिंह, अमर सिंह, इन्द्र सिंह, भूरा सिंह, मदन स्याग, ताराचद, रामचंद, बलविंद्र सिंह, शमशेर सिंह, राजेन्द्र सिंह, जालोर सिंह, नाहर सिंह, गुरदास सिंह, मक्खन सिंह मौजूद रहे।
