हनुमानगढ़। दिव्य ज्योति जागृति संस्थान की ओर से जंक्शन स्थित शिव मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर एक शाम शिव के नाम-नशामुक्त शिवरात्रि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशामुक्त जीवन की ओर प्रेरित करना तथा भगवान शिव के आदर्श चरित्र से समाज को दिशा देना रहा। कार्यक्रम के दौरान संस्थान की ओर से गुरु आशुतोष महाराज की शिष्या साध्वी प्रजीता भारती ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि देवाधिदेव महादेव का दिव्य एवं उदात्त चरित्र सम्पूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने सत्यम् शिवम् सुन्दरम् की अवधारणा को समझाते हुए कहा कि कल्याणकारी शिव ही सत्य और सुंदरता के प्रतीक हैं, इसलिए युवाओं को भगवान शिव के चरित्र से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र की उन्नति उसकी युवा शक्ति पर निर्भर करती है। भारत जैसे विशाल देश में युवाओं की संख्या अत्यधिक होने के बावजूद, वर्तमान समय में कई युवा नशे की गिरफ्त में आकर गलत गतिविधियों की ओर बढ़ रहे हैं। नशे के कारण सामाजिक एवं नैतिक पतन बढ़ रहा है, जिससे परिवार और समाज दोनों प्रभावित हो रहे हैं। साध्वी प्रजीता भारती ने कहा कि दिशा और दशा का गहरा संबंध है। यदि युवाओं की दिशा सकारात्मक बनाई जाए तो समाज और राष्ट्र की दशा स्वत: बदल सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हर समस्या का मूल मन है और मन से उत्पन्न समस्याओं का समाधान भी मन एवं आत्मिक स्तर पर ही संभव है। आत्मिक जागरूकता और ब्रह्मज्ञान ही युवाओं के अंदर छिपी शक्ति को जागृत कर सकते हैं। ऐतिहासिक उदाहरणों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि गाण्डीवधारी अर्जुन की मानसिक उलझनों को दूर करने वाले जगद्गुरु कृष्ण थे, जबकि चंद्रगुप्त मौर्य जैसे महान शासक का निर्माण चाणक्य जैसे गुरु के मार्गदर्शन में हुआ। इसी प्रकार आध्यात्मिक ज्ञान के माध्यम से युवाओं को सही दिशा दी जा सकती है, जिससे समाज में स्वामी विवेकानंद, भगत सिंह और छत्रपति शिवाजी महाराज जैसे प्रेरणादायी व्यक्तित्वों का निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि आज की सबसे बड़ी आवश्यकता आत्मिक रूप से जागरूक होने की है। गुरु आशुतोष महाराज से दीक्षित युवा शिष्य समाज को नशामुक्त बनाने के लिए संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रहे हैं। भगवान शिव के नाम का स्मरण और भक्ति जीवन में सुख, शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करती है तथा जीवन की चिंताओं से मुक्ति दिलाती है। कार्यक्रम के दौरान साध्वी निशा भारती एवं साध्वी सविता भारती ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भक्ति रस से सराबोर वातावरण में श्रद्धालुओं ने भाव-विभोर होकर सहभागिता निभाई।
