हनुमानगढ़। माय भारत केन्द्र, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से आयोजित पांच दिवसीय अंतर-जिला युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत जिले के युवाओं का दल उदयपुर के लिए सोमवार को रवाना हुआ। कलक्ट्रेट के नजदीक स्थित माय भारत केन्द्र के समक्ष आयोजित सादे समारोह में युवाओं के दल को विदाई दी गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला युवा कार्यक्रम सलाहकार समिति के सदस्य दलीप वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया। जिला युवा अधिकारी रीना केसरिया ने बताया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों से 37 युवाओं का दल इस यूथ एक्सचेंज कार्यक्रम में हिस्सा ले रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं के व्यक्तित्व विकास, सांस्कृतिक समझ बढ़ाने और उन्हें एक साझा मंच प्रदान करना है। इस दौरान प्रतिभागी उदयपुर के ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करेंगे तथा वहां की लोक कला, संस्कृति, वेशभूषा और रहन-सहन को करीब से जानेंगे। साथ ही योग और अन्य विषयों पर विशेष व्याख्यानों के माध्यम से उन्हें स्थानीय संस्कृति से परिचित कराया जाएगा। दलीप वर्मा ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं को विभिन्न जिलों की भाषा, खान-पान और जीवनशैली समझने का अनूठा अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने इसे युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। इस मौके पर जिला साइकिलिंग संघ के संयुक्त सचिव योगेंद्र सिंह, राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक विजय मोयल, बाबा सोमारनाथ युवा मंडल सहारणी के संस्थापक कोच सुनील सांवरिया तथा बीआर अंबेडकर सामाजिक संस्थान जडावाली के मुस्ताक पठान मौजूद रहे।
