हनुमानगढ़। राज्य में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से 17 फरवरी की दोपहर बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार कई इलाकों में बादल छाने तथा मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के पूर्वानुमान के अनुसार 18 फरवरी को इस प्रणाली का असर सबसे अधिक रहने की संभावना है। इस दौरान राजस्थान के बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं (30-40 किमी प्रतिघंटा) चल सकती हैं। मौसम में बदलाव से तापमान में गिरावट भी संभव है। किसानों और मंडियों को विशेष सर्कता बरतने की सलाह दी गई है, विशेषकर पककर तैयार रबी की फसलों और खुले में रखे अनाज को बारिश से बचाने के लिए। मौसम विभाग की ओर से किसनों को सलाह दी गई है कि पककर तैयार रबी फसलों को भीगने से बचाने के लिए आवश्यक प्रबंध करें। कृषि एवं अनाज मंडियों में खुले आसमान के नीचे रखे जिन्सों को ढककर सुरक्षित रखें। तेज हवाओं और गर्जन की संभावना को देखते हुए खेतों व खुले क्षेत्रों में सावधानी बरतें।
