हनुमानगढ़। जंक्शन थाना पुलिस ने टाउन रोड से बाइक चोरी के प्रकरण में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस की ओर से चोरीशुदा पांच बाइक बरामद की गई है। इस प्रकरण में यह दूसरी गिरफ्तारी है। मामले की जांच कर रहे हैड कांस्टेबल लायक सिंह ने बताया कि रविन्द्र सिंह (18) पुत्र बेअन्त सिंह निवासी वार्ड नम्बर छह, सूरेवाला पीएस टिब्बी हाल किराएदार टाउन ने 26 जनवरी को रिपोर्ट प्रस्तुत कर बताया कि 25 जनवरी को अपराह्न करीब 3-3.30 बजे के आसपास टाउन रोड पर लगे मेगा ट्रेड फेयर स्थल के पास से उसकी बाइक नम्बर आरजे 40 एसए 9703 को कोई अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। रिपोर्ट पर प्रकरण पंजीबद्ध कर तफ्तीश शुरू की गई।

तफ्तीश के दौरान पूर्व में एक आरोपी मकबूल उर्फ बाला (30) पुत्र मुस्ताक अहमद निवासी वार्ड नम्बर 12, गांव ढालिया को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर इस प्रकरण में चोरीशुदा बाइक बरामद की गई। इस प्रकरण में फरार चल रहे दूसरे आरोपी सुखचैन सिंह उर्फ चैनी (24) पुत्र कुलदीप सिंह निवासी वार्ड नम्बर पांच, गांव फतेहपुर पीएस संगरिया हाल किराएदार नजदीक बद्रीनाथ धर्मशाला, हुड़को कॉलोनी, सुरेशिया, जंक्शन को सोमवार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बाइक चोरी की करीब आधा दर्जन वारदातें स्वीकारीं। आरोपी की निशानदेही पर चोरीशुदा पांच बाइक बरामद कर अनुसंधान जारी है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में हैड कांस्टेबल लायक सिंह, कांस्टेबल बलदेव कुमार, सुनील कुमार, आनंद व होमगार्ड जवान बलराज सिंह शामिल रहे।
