हनुमानगढ़। जिला कलक्ट्रेट एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में सड़कों के बीच बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े करने की समस्या को लेकर यातायात पुलिस सख्त हो गई है। मंगलवार को यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिन्दा की ओर से कर्मचारियों और आम नागरिकों को समझाइश देकर वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर व्यवस्थित तरीके से खड़ा करवाया गया।

यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिन्दा ने बताया कि जिला कलक्टर की अध्यक्षता में आयोजित सड़क सुरक्षा बैठक में निर्देश दिए गए थे कि कलक्ट्रेट और एसपी कार्यालय परिसर में सड़कों के बीच खड़े वाहनों को हटाकर पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसी क्रम में यातायात पुलिस ने सड़क पर खड़े वाहनों को हटवाकर निर्धारित स्थानों पर पार्क करवाया। चिन्दा के अनुसार वाहनों के लिए अलग से पार्किंग व्यवस्था बनाई गई है ताकि आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न आए।

वाहन लेकर आने वाले कर्मचारियों व नागरिकों से अपील की गई कि वे सड़क के बीच वाहन खड़े न करें, जिससे अन्य वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो। यातायात पुलिस का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य केवल पार्किंग व्यवस्था सुधारना नहीं, बल्कि परिसर में सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात सुनिश्चित करना है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
सुबह 10 से शाम 6 बजे तक तैनात रहेगा जवान
व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए कलक्ट्रेट और एसपी कार्यालय परिसर में यातायात पुलिस का एक जवान तैनात किया गया है, जो सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक ड्यूटी करते हुए पार्किंग व्यवस्था और यातायात संचालन पर नजर रखेगा।

यातायात प्रभारी ने कर्मचारियों और आमजन से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने की अपील की। उन्होंने कहा कि हेलमेट सुरक्षा का कवच है, बोझ नहीं। इसी उद्देश्य से कलक्ट्रेट परिसर में जागरूकता बोर्ड भी लगाए गए हैं। समझाइश का असर दिखाई दे रहा है और अधिकतर कर्मचारी हेलमेट पहनकर कार्यालय पहुंच रहे हैं।
