हनुमानगढ़। टाउन के वार्ड 43 में राजा कोठी के पास शुक्रवार अल सुबह अज्ञात वाहन की टक्कर से एक विद्युत पोल टूटकर सड़क पर गिर गया, जबकि तारों के खिंचाव के कारण एक अन्य पोल भी क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन पूरे दिन आसपास के क्षेत्र की विद्युत सप्लाई बाधित रही। वार्डवासी हरी खदरिया ने बताया कि सुबह करीब चार बजे तेज धमाके की आवाज सुनाई दी।

बाहर निकलकर देखा तो एक विद्युत पोल सड़क पर गिरा हुआ था और चार-पांच पोल तारों के खिंचाव से प्रभावित हो गए थे। कुछ विद्युत मीटरों के बॉक्स टूट गए और एक मकान की दीवार को भी नुकसान पहुंचा। दो-तीन गलियों में विद्युत तारें सड़क पर झूलती नजर आर्इं। तब तक अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो चुका था। सूचना मिलने पर एफआरटी कर्मचारी मौके पर पहुंचे और एहतियातन विद्युत सप्लाई बंद करवाई।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि उस समय कोई राहगीर या वाहन वहां से गुजर रहा होता तो गंभीर हादसा हो सकता था। हरी खदरिया के अनुसार, घटना की जानकारी देने के लिए जेईएन से संपर्क किया गया, लेकिन उनका फोन स्विच आॅफ मिला। बाद में एईएन ने कॉल रिसीव कर कर्मचारियों को भेजने की बात कही। कई बार अवगत करवाने के बाद दोपहर करीब डेढ़ बजे मरम्मत के लिए कर्मचारी पहुंचे। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि क्षतिग्रस्त पोल बदले जाएं, तारों का कसाव ठीक किया जाए तथा राजा कोठी पार्क के आगे सड़क के बीचोंबीच लगे दोनों पोल को अन्यत्र शिफ्ट किया जाए, ताकि भविष्य में दुर्घटना की आशंका कम हो।

उधर, जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड टाउन के सहायक अभियंता मुकेश शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही एफआरटी टीम को भेजकर सप्लाई बंद करवा दी गई थी। पोल टूटने के कारणों की जांच की जा रही है। ठेकेदार के कर्मचारियों को आवश्यक सामग्री देकर मरम्मत कार्य के लिए भेजा गया है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार डिस्कॉम को करीब 30 से 35 हजार रुपए का नुकसान हुआ है।
