हनुमानगढ़। जिले की आशा सहयोगिनियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपने की तैयारी कर ली है। इस संबंध में आशा सहयोगिनी स्वास्थ्य संघ, हनुमानगढ़ की ओर से मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पत्र देकर 25 फरवरी 2026 को एक दिवसीय शांतिपूर्ण ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति मांगी गई है।
संघ की जिला अध्यक्ष प्रमिला देवी के नेतृत्व में सभी आशा सहयोगिनियां जिला मुख्यालय पर एकत्रित होकर अपनी मांगों के समर्थन में ज्ञापन देना चाहती हैं। पत्र में बताया गया कि कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित किया जाएगा। संघ पदाधिकारियों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि 25 फरवरी को ज्ञापन देने की अनुमति प्रदान की जाए, ताकि आशा सहयोगिनियां अपनी समस्याओं को औपचारिक रूप से रख सकें। पत्र पर संघ की जिला अध्यक्ष प्रमिला देवी सहित अन्य पदाधिकारियों के हस्ताक्षर भी अंकित हैं।
