संगरिया। गोवंश की रक्षा और राष्ट्रीय दर्जा देने की मांग को लेकर देशव्यापी अभियान की घोषणा की गई है। राष्ट्रीय गो संरक्षण दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं हनुमानगढ़ी के गोठवारा पीठाधीश्वर महंत बजरंग दास महाराज ने बताया कि 27 अप्रैल को देशभर की लगभग 5,000 तहसीलों में राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपे जाएंगे। उन्होंने कहा कि गोवंश की सुरक्षा, संरक्षण और संवर्धन के लिए ठोस नीति बनाए जाने की आवश्यकता है। उनका मत है कि जब तक सरकारें गोवंश की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध नहीं होंगी और गौ-हत्या पर प्रभावी रोक नहीं लगेगी, तब तक व्यापक स्तर पर अपेक्षित परिणाम संभव नहीं हैं। महंत बजरंग दास महाराज ने जानकारी दी कि यदि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो 5 मई से बिहार के सीतामढ़ी से गोरथ यात्रा प्रारंभ की जाएगी। यह यात्रा अयोध्या, नैमिषारण्य और वृंदावन होते हुए दिल्ली पहुंचेगी, जहां सत्याग्रह किया जाएगा। प्रस्तावित मांगों में गोवंश की हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध, गोवंश को राष्ट्रीय दर्जा प्रदान करना तथा गोचर भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराना शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गो रक्षा का अर्थ केवल गाय नहीं, बल्कि संपूर्ण गोवंश-नर एवं मादा-की सुरक्षा से है। उल्लेखनीय है कि महंत बजरंग दास महाराज ने 14 वर्ष की आयु में संन्यास ग्रहण किया था। वे इन दिनों श्रीराम पंचायती मंदिर में आयोजित वार्षिकोत्सव में भाग लेने हेतु संगरिया पहुंचे हुए हैं।
