हनुमानगढ़। कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता विभाग, राजस्थान (रोजगार विभाग) की ओर से मंगलवार को जंक्शन स्थित जिला रोजगार कार्यालय परिसर में एक दिवसीय कैम्पस प्लेसमेंट शिविर आयोजित किया गया। शिविर में रोजगार एवं स्वरोजगार प्रशिक्षण से जुड़ी विभिन्न संस्थाओं ने हिस्सा लेकर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। शिविर में निजी क्षेत्र की मिल्क प्रोड्यूसर कंपनियां, फर्टिलाइजर कंपनियां, इंश्योरेंस सेक्टर तथा आरएसएलडीसी सहित कई संस्थान शामिल हुए। इन संस्थाओं की ओर से 10वीं, 12वीं, स्नातक एवं आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का चयन मशीन ऑपरेटर, फील्ड ट्रेनी, सेल्स मैनेजर, बैंक ऑफिसर सहित विभिन्न पदों के लिए किया गया। रोजगार के अवसर का लाभ उठाने के लिए जिले भर से बड़ी संख्या में योग्य अभ्यर्थी आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचे।

पंजीकरण काउंटरों पर सुबह से ही युवाओं की भीड़ देखने को मिली। शिविर में एलाइन स्किल एजुटेक की स्टॉल पर बेरोजगार युवक-युवतियों की विशेष भीड़ रही। संस्थान की ओर से कंप्यूटर ऑपरेटर, कंप्यूटर ट्रेनर, फैशन डिजाइनर एवं मार्केटिंग पदों के लिए अभ्यर्थियों से बातचीत कर उनके दस्तावेज प्राप्त किए गए। पात्र अभ्यर्थियों को कंपनी की ओर से जॉब उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया। संस्थान के प्रतिनिधि लोकेश शर्मा ने बताया कि जो विद्यार्थी नौकरी करना चाहता है लेकिन कार्य का अनुभव नहीं रखता, उसे सरकार की ओर से तीन माह तक निशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद उन्हें जॉब प्लेसमेंट की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि संस्थान में आरकेसीएल, फैशन डिजाइनिंग, डाटा एंट्री ऑपरेटर तथा ग्राफिक्स डिजाइनर जैसे कोर्स संचालित किए जाते हैं, जिनमें से कुछ कोर्स सरकार की ओर से निशुल्क कराए जाते हैं। शिविर के दौरान एलाइन स्किल एजुटेक की ओर से कंपनी प्रतिनिधि जयप्रकाश, पुष्पा और पूनम भी उपस्थित रहे। जिला रोजगार कार्यालय में आयोजित इस कैम्पस प्लेसमेंट शिविर ने युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्रदान कर उत्साह का माहौल बना दिया।
18 अगस्त को आयोजित होगा मेगा शिविर
जिला रोजगार अधिकारी विनोद गोदारा ने बताया कि सरकार की ओर से हाल में ही आदेश दिए थे कि पूरे वर्ष में दो रोजगार शिविर फरवरी व मार्च में आयोजित किए जाएं। इसी कड़ी में फरवरी माह का पहला शिविर लगाया गया है। उन्होंने बताया कि इससे पहले जिले में तीन रोजगार सहायता शिविर भी आयोजित किए जा चुके हैं। फिर सरकार ने एक मेगा शिविर आयोजित करने के आदेश दिए। मेगा शिविर के लिए 18 अगस्त 2026 की तारीख प्रस्तावित की गई है।

उसमें करीब पांच हजार युवाओं के हिस्सा लेने की उम्मीद है। मेगा शिविर में अधिकाधिक एम्पलॉयर और स्वरोजगार की योजनाओं के साथ संबंधित विभाग उपस्थित हों। साथ ही प्रशिक्षण से संबंधित संस्थाओं को आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में रोजगार विभाग की तरफ से मुख्यमंत्री युवा संबल योजना चल रही है। इसमें करीब 6600 युवा पात्र हैं, जिनकी अलग-अलग डिपार्टमेंट में इन्टर्नशिप करवाई जा रही है। इनके खातों में जून तक का भत्ता जमा हो चुका है। जुलाई से दिसम्बर तक के सभी बिल बन चुके हैं। अक्टूबर तक ईसीएस पेंडिंग है। शेष कोषालय से पारित हो चुके हैं। प्रयासरत हैं कि सभी वंचित पात्रों को जल्द से जल्द भत्ते का भुगतान हो जाए।
