ऐलनाबाद। सिरसा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जनआंदोलन को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से युवाओं से सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया गया है। नाथूसरी चौपटा थाना क्षेत्र के अंतर्गत जमाल पुलिस चौकी प्रभारी रामकुमार ने गांव रामपुरा ढिल्लों में युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे अहम है। सब इंस्पेक्टर रामकुमार ने कहा कि जब तक प्रत्येक व्यक्ति स्वयं नशा न करने और अपने आसपास नशे की बिक्री न होने देने का संकल्प नहीं लेगा, तब तक इस अभियान के अपेक्षित परिणाम सामने नहीं आ सकते। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने गांव, गली और मोहल्ले की जिम्मेदारी लेते हुए नशा तस्करों के खिलाफ खुलकर सामने आएं और बिना किसी भय या झिझक के पुलिस को सूचना दें, ताकि असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने बताया कि सिरसा पुलिस एक ओर नशा तस्करों पर लगातार शिकंजा कस रही है, वहीं दूसरी ओर आमजन को जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन भी कर रही है। युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतियोगिताओं को बढ़ावा दिया जा रहा है। पुलिस जवान गांव-गांव जाकर युवाओं के साथ खेल गतिविधियों में भाग लेकर उन्हें नशा मुक्ति का संदेश दे रहे हैं। जमाल पुलिस चौकी प्रभारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। कई युवाओं ने नशा छोड़ने का संकल्प लिया है और प्रशासन के सहयोग से उनका उपचार कर उन्हें पुनः समाज की मुख्यधारा से जोड़ा गया है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा और खेलों को अपनाकर उज्ज्वल भविष्य निर्माण का आह्वान किया तथा कहा कि यदि कोई युवा गलत संगत के कारण नशे की चपेट में आ गया है, तो उसे प्रेरित कर नशा छोड़ने में सहयोग करें और समय रहते पुलिस को सूचना दें, ताकि उसका उपचार संभव हो सके।
