ऐलनाबाद। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के संयुक्त तत्वावधान में तथा शहरवासियों के सहयोग से आगामी 2 मार्च (सोमवार) को आयोजित होने वाले 9वें ‘भगवा होली महोत्सव’ की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी कड़ी में हाल ही में शहर के डीएवी स्कूल में एक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें महोत्सव के निमंत्रण पत्र पूरे शहर में डोर-टू-डोर वितरित करने के लिए पदाधिकारियों एवं सदस्यों की ड्यूटी निर्धारित की गई। इस संबंध में जानकारी देते हुए विश्व हिंदू परिषद के मीडिया प्रभारी देवेंद्र गोयल ने बताया कि भगवा होली महोत्सव को लेकर पदाधिकारी पूरे ऐलनाबाद शहर में नागरिकों को आमंत्रण पत्र वितरित कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 9वें ‘भगवा होली महोत्सव’ का शुभारंभ नोहर रोड स्थित बालाजी धाम बगीची से दोपहर 2 बजे होगा।

शोभायात्रा बालाजी धाम से प्रारंभ होकर मुख्य बाजार के पंचमुखी चौक, ममेरा चौक, गांधी चौक, चौधरी देवीलाल चौक तथा टिब्बी चौक से होते हुए शाम को नचिकेतन मॉडल स्कूल, उधम सिंह चौक में संपन्न होगी। देवेंद्र गोयल ने बताया कि इस वर्ष महोत्सव में मुख्य अतिथि राधेश्याम जी छापोला (समाजसेवी), विशिष्ट अतिथि राजीव वधवा (अध्यक्ष, युवा अरोड़ वंश सेवा समिति) तथा स्वागतकर्ता अमित सर्वटा (अध्यक्ष, भगवान वाल्मीकि प्रबंधक कमेटी) होंगे। कार्यक्रम के दौरान राजस्थानी वेशभूषा में डफ व धमाल के साथ रंग-गुलाल उड़ाते हुए पारंपरिक तरीके से होली खेली जाएगी। उन्होंने आगे बताया कि होली महोत्सव के अवसर पर एक लकी ड्रा का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें 10 सामान्य ड्रा तथा 1 बंपर ड्रा निकाला जाएगा। लकी ड्रा कूपन 2 मार्च को सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक बालाजी धाम बगीची में जमा करवाए जा सकेंगे। एक व्यक्ति केवल एक ही कूपन जमा करवा सकेगा तथा उपहार उसी व्यक्ति को प्रदान किया जाएगा, जिसके पास मौके पर कूपन कार्ड उपलब्ध होगा। आयोजकों ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में भगवा होली महोत्सव में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।
