हनुमानगढ़। शहर की प्रमुख पैथोलॉजी संस्था रिलाएबल लैब की दूसरी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 22 फरवरी से 2 मार्च तक मेगा हेल्थ शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर के तहत प्रतिदिन सुबह 7 बजे से 9 बजे तक आमजन के लिए नि:शुल्क शुगर एवं कोलेस्ट्रॉल जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा अन्य महंगी पैथोलॉजी जांचें भी रियायती दरों पर की जा रही हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर सकें। लैब के संस्थापक आशीष गुप्ता ने बताया कि इस शिविर का प्रमुख उद्देश्य लोगों को उनके स्वास्थ्य के प्रति सजग और जागरूक बनाना है। उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली, अनियमित दिनचर्या, असंतुलित खानपान और बढ़ते तनाव के कारण मधुमेह, हृदय रोग तथा उच्च कोलेस्ट्रॉल जैसी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। समय रहते नियमित जांच करवाने से गंभीर रोगों का प्रारंभिक अवस्था में ही पता लगाया जा सकता है, जिससे उपचार सरल और कम खर्चीला हो जाता है। शिविर का आयोजन टाउन स्थित भारत माता चौक पर रिलाएबल लैब तथा जंक्शन स्थित नेशनल लैब में किया जा रहा है। दोनों केन्द्रों पर प्रशिक्षित स्टाफ और आधुनिक मशीनों के माध्यम से जांच की जा रही है, जिससे रिपोर्ट की शुद्धता और विश्वसनीयता सुनिश्चित की जा सके। आयोजकों ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाएं और अपने परिवारजनों को भी स्वास्थ्य जांच के लिए प्रेरित करें। शिविर के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर जांच करवा रहे हैं। आयोजकों को उम्मीद है कि यह पहल शहरवासियों के बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
