हनुमानगढ़। महिला पुलिस थाना हनुमानगढ़ में दर्ज एफआईआर संख्या 038/2026 के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पीड़िता और उसके परिजन परेशान हैं। मामले को लेकर पीड़िता के पिता ने पुलिस अधीक्षक हनुमानगढ़ को लिखित शिकायत देकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में बताया गया कि दिनांक 13 फरवरी 2026 को महिला पुलिस थाना हनुमानगढ़ में गंभीर धाराओं 89, 69, 351(2), 318(4), 61(2), 123 के तहत मामला दर्ज कराया गया था। लेकिन घटना को कई दिन बीत जाने के बावजूद अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिससे पीड़िता को न्याय मिलने में देरी हो रही है। पीड़िता पक्ष का आरोप है कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे पीड़िता और उसके परिवार में भय का माहौल बना हुआ है। इस संबंध में पुलिस प्रशासन से शीघ्र आरोपियों की गिरफ्तारी कर कठोर कार्रवाई करने की मांग की गई है। पीड़िता के पिता ने पुलिस अधीक्षक से अनुरोध किया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल संज्ञान लिया जाए और आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए, ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके।
