ऐलनाबाद। पीएम-श्री जवाहर नवोदय विद्यालय ओढ़ा में शनिवार को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर विद्यालय स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन में तैयार किए गए विभिन्न वैज्ञानिक मॉडलों की प्रभावशाली प्रस्तुति देकर दर्शकों को प्रभावित किया। विद्यालय की प्रातःकालीन सभा में शिक्षिका मीनू जुनेजा ने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच के साथ निरंतर अध्ययन और वैज्ञानिक प्रयोगों के प्रति प्रेरित किया।

विज्ञान प्रदर्शनी के मूल्यांकन हेतु तीन विशिष्ट निर्णायकों को आमंत्रित किया गया, जिनमें खंड शिक्षा अधिकारी बड़ागुढ़ा कुलदीप कौर, पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ओढ़ा के प्राचार्य विक्रमाजीत तथा नुहियावाली पब्लिक स्कूल के संचालक वकील गोदारा शामिल रहे। निर्णायकों ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सभी मॉडलों की सराहना की। विशेष रूप से अटल टिंकरिंग लैब में तैयार किए गए मॉडलों को अत्यंत प्रशंसनीय बताया गया। ये मॉडल अटल टिंकरिंग लैब की शिक्षिका कुमारी सिमरन एवं विद्यालय के भौतिकी विषय के स्नातकोत्तर शिक्षक संदीप के मार्गदर्शन में तैयार किए गए थे।

इसके अतिरिक्त पर्यावरण, जीव विज्ञान एवं कृषि विज्ञान से संबंधित मॉडलों का भी प्रदर्शन किया गया, जिन्हें विज्ञान शिक्षक गौतम, जूली तथा कृषि विज्ञान की शिक्षिका अंकिता वर्मा के निर्देशन में तैयार किया गया। विज्ञान प्रदर्शनी को देखने के लिए माता हरकी देवी एमएम मेमोरियल स्कूल तथा नुहियावाली पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं को भी आमंत्रित किया गया था। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य ललित कालड़ा, उपप्राचार्य नवीन लाम्बा, शिक्षिका मीनू जुनेजा सहित समस्त स्टाफ सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन द्वारा सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
