
हनुमानगढ़। लम्बे समय से जर्जर घग्घर पुल का निर्माण शुरू करने की मांग के संबंध में आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। मांग पर कार्रवाई न होने की स्थिति में कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी। आम आदमी पार्टी के विधानसभा प्रत्याशी सचिन कौशिक के अनुसार घग्घर नदी के बाढ़ नियंत्रण/सुधार कार्यांे के लिए करोड़ों रुपउ का बजट स्वीकृत होना सार्वजनिक मंचों पर बताया जा चुका है। हनुमानगढ़ स्थित घग्घर पुल की मरम्मत/नवीनीकरण के लिए भी बजट स्वीकृति/प्रस्ताव की जानकारी दी गई है। इसके बावजूद आज तक धरातल पर किसी भी प्रकार का कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है, जो प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है। कौशिक ने कहा कि बारिश के मौसम में घग्घर नदी से हर वर्ष बाढ़ का खतरा रहता है तथा जर्जर घग्घर पुल से किसी भी समय गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। इसके लिए यदि कोई जनहानि होती है तो उसकी जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से प्रशासन की होगी। उन्होंने कहा कि जब बजट स्वीकृत हो चुका है, तो कार्य प्रारंभ क्यों नहीं हुआ और स्वीकृत राशि का उपयोग किस स्तर पर अटका हुआ है, यह सवाल सबके मन में है। आप कार्यकर्ताओं ने जिला कलक्टर को सौंपे ज्ञापन के जरिए मांग की कि घग्घर नदी व घग्घर पुल से संबंधित पूरी स्थिति जनता के सामने लिखित रूप में रखी जाए। कार्य प्रारंभ होने की निश्चित तिथि तत्काल घोषित की जाए। मानसून से पूर्व अस्थाई सुरक्षा व मरम्मत कार्य तुरंत शुरू करवाए जाएं। ज्ञापन के जरिए चेतावनी दी गई कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो आप कार्यकर्ता आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए मजबूर होगा। इस मौके पर सुभाष गोदारा, प्रेमसिंह शेखावत इत्यादि मौजूद रहे।

