हनुमानगढ़। मदान इंटरनेशनल स्कूल की ओर से वार्षिक उत्सव एहसास-ए सिम्फनी ऑफ इमोशंस का आयोजन रविवार, 1 मार्च को किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 4 बजे से विद्यालय परिसर में आरंभ होगा। इस भव्य समारोह में विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रतिभा और कला कौशल का प्रदर्शन किया जाएगा। विद्यालय परिवार ने इस आयोजन को गौरव और हर्ष का अवसर बताते हुए अभिभावकों एवं अतिथियों को सादर आमंत्रित किया है।

कार्यक्रम में गत व वर्तमान वर्ष में अभूतपूर्व कार्य करने वाले होनहार बच्चों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की सृजनात्मकता, आत्मविश्वास और कलात्मक अभिव्यक्ति को मंच प्रदान करना है। समारोह में नृत्य, संगीत, नाट्य एवं अन्य आकर्षक प्रस्तुतियां दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहेंगी। संस्था के संस्थापक राजेन्द्र मदान, चेयरमैन सुनील मदान ने बताया कि यह संध्या भावनाओं की सरगम से सजी एक यादगार शाम होगी, जिसमें विद्यार्थियों की मेहनत और प्रतिभा का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। प्राचार्य भावना मित्तल ने कहा कि आज के बच्चे अत्यधिक तनाव में रहने लगे हैं।

पहले बड़े-बुजुर्गांे को ही हार्ट अटैक होने की बातें सुनी जाती थी लेकिन अब जवान उम्र के लोगों को ही हार्ट अटैक आ रहा है। पहले आत्महत्या के विचार जवानों में आते थे जो अब बच्चों में आने लगे हैं। इस बदलते परिवेश में खुद की सोच बदलने व बच्चे को लगातार कुछ न कुछ सिखाते रहने की आवश्यकता है ताकि तनाव की स्थिति पैदा होने पर बच्चा खुद को उस हालात से बाहर निकाल पाए। उन्होंने बताया कि परीक्षा के समय यह आयोजन करवाने के पीछे का मकसद है कि बच्चे परीक्षा के समय में भी अपनी मनपसंद गतिविधि के लिए समय निकालें। विद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम में प्रवेश केवल एंट्री पास के माध्यम से ही दिया जाएगा। विद्यालय परिवार ने सभी आमंत्रित अतिथियों से समय पर पधारकर समारोह की गरिमा बढ़ाने की अपील की है।
