
हनुमानगढ़। गोलूवाला के गुरुद्वारा मेहताबगढ़ साहिब को लेकर चल रहा विवाद एक बार गर्मा गया है। मंगलवार को सिख जत्थेबंदियों ने जिला मुख्यालय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया कि एक विधायक की शह पर गुरुद्वारा में गोलक के ऊपर चादर रखकर पैसों का गबन किया जा रहा है। सिख जत्थेबंदियों ने इस प्रकरण की जांच करवा दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग पुलिस अधीक्षक से की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में हरमीत कौर पत्नी अमृतपाल सिंह निवासी गोलूवाला निवादान ने आरोप लगाया कि गुरुद्वारा मेहताबगढ़ साहिब मंडी गोलूवाला पर कुछ लोगों ने 3 अक्टूबर की आधी रात को हमला कर जबरदस्ती कब्जा कर लिया था। कब्जे के वक्त मासूम बच्चों व बुजुर्गांे कातिलाना हमला किया गया। इस केस में 22 के करीब आरोपी जेल में बंद हैं। जबकि शेष नामजद आरोपियों को पुलिस ने सादुलशहर विधायक गुरवीर बराड़ के प्रभाव के कारण अभी तक गिरफ्तार नहीं किया है। हरमीत कौर के अनुसार गुरुद्वारा साहिब में लड़ाई के बाद गुरुद्वारा साहिब में रिसीवर लगा दिया गया व एसएचओ गोलूवाला को रिसीवर नियुक्त किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि रिसीवर नियुक्त होने के बाद विधायक गुरवीर बराड़ के दबाव के कारण गुरुद्वारा को अप्रत्यक्ष रूप से हमला करने वाले नामजद आरोपियों के हवाले कर दिया। आरोपियों ने जिस मकसद के लिए गुरुद्वारा साहिब पर हमला करवाया था, उसी घिनौनी सोच के जरिए गुरुद्वारा साहिब में लूट-खसोट, चोरी शुरू कर दी गई है। इसका प्रत्यक्ष उदाहरण गुरुद्वारा साहिब के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज है। हरमीत कौर के अनुसार नामजद आरोपियों की ओर से गुरुद्वारा साहिब में रखे गोलक के ऊपर चादर बिछा दी गई है ताकि गोलक के अंदर पैसे न जाएं। जबकि जब रिसीवर लगा होता है तो गुरुद्वारा की गोलक को सील कर दिया जाता है ताकि सरकारी देखरेख में गुरुद्वारा के प्रबंध का हिसाब-किताब रखा जा सके परंतु गुरुद्वारा में गोलक के ऊपर चादर रखकर सारे पैसों का गबन किया जा रहा है। यह गुरुद्वारा के अंदर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग में भी दर्ज है कि कौन लोग गोलक के ऊपर चादर डाल रहे हैं और वह बाद में पैसे उठा रहे हैं। अब यह लोग कह रहे हैं कि गोलक से जो भी पैसे उठाते हैं, उनका 40 प्रतिशत विधायक गुरवीर बराड़ जो सादुलशहर से विधायक हैं, उसको दिए जाते हैं। 10 प्रतिशत विजय पूनिया जो व्यापार मंडल का अध्यक्ष है, वह लेकर जाता है। बाकी 50 प्रतिशत जो नामजद आरोपी हैं, वह लेकर जाते हैं। इनमें से कुछ पैसे हनुमानगढ़ जेल में बंद गुरुद्वारा पर हमले के आरोपियों को दिए जाते हैं। हरमीत कौर के अनुसार सरकारी देखरेख की आड़ में सरकारी प्रभाव के अंतर्गत जिस तरह गोलक के धन की चोरी की जा रही है, यह एक गंभीर अपराध है। सिख जत्थेबंदियों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि गुरुद्वारा साहिब में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को सुरक्षित रखने के लिए रिसीवर को पाबंद किया जाए। इस पूरे केस की सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य तथ्यों के आधार पर जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए ताकि गुरुद्वारा की लूट बंद हो और गुरुद्वारा की मर्यादा बहाल हो।

