ऐलनाबाद। शहर के नोहर रोड स्थित बालाजी धाम बगीची में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के संयुक्त तत्वावधान में नोवां भगवा होली महोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और भव्यता के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राधेश्याम छापोला, विशिष्ट अतिथि राजीव बधवा तथा स्वागतकर्ता अमित सरबटा उपस्थित रहे। संगठन की ओर से सभी अतिथियों का भगवा पटका एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।

अतिथियों ने भगवान श्रीकृष्ण-राधा एवं हनुमान जी की आकर्षक झांकी पर तिलक लगाकर एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अगुवाई घोड़ी पर सवार रवि लड्डा (पूर्व अध्यक्ष, नगर पालिका) ने की। बालाजी धाम सेवा समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए जलपान की उत्तम व्यवस्था की गई, जिसकी सभी ने सराहना की। वहीं बालाजी धाम बगीची प्रबंधन द्वारा समिति को भी सम्मानित किया गया।

महोत्सव में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु भगवा गुलाल उड़ाते हुए और डफ की थाप पर नृत्य-गान करते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए। यात्रा बालाजी धाम बगीची से प्रारंभ होकर अनाज मंडी, पंचमुखी चौक, ममेरा चौक, गांधी चौक, चौधरी देवीलाल चौक, सतनाम सिंह चौक एवं उधम सिंह चौक से होते हुए सायंकाल नचिकेतन मॉडल स्कूल में संपन्न हुई। संगठन की ओर से कुल 11 पुरस्कार घोषित किए गए थे, जिनमें से 10 पुरस्कार मार्ग में वितरित किए गए।

11वां बंपर पुरस्कार रेंजर साइकिल रहा, जिसे हर्ष (बगीची मोहल्ला) ने जीता। यह जानकारी बजरंग दल के मीडिया प्रभारी देवेंद्र गोयल ने दी। उन्होंने शहरवासियों, समाजसेवी संगठनों, पत्रकार बंधुओं तथा विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल की समस्त टीम का कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु आभार व्यक्त करते हुए सभी को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
