हनुमानगढ़। टाउन स्थित सनसिटी एंकलेव एवं रिचवुड विला कॉलोनी में कॉलोनीवासियों द्वारा सामूहिक होली उत्सव का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं बच्चों ने भाग लेकर एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। उत्सव के दौरान डीजे पर पारंपरिक एवं फिल्मी होली गीतों की धुन पर युवाओं और बच्चों ने जमकर नृत्य किया। रंग-बिरंगे गुलाल और खुशियों के माहौल ने पूरे क्षेत्र को उत्सवमय बना दिया। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि इस प्रकार के सामूहिक कार्यक्रमों से कॉलोनीवासियों के बीच आपसी भाईचारा और सौहार्द मजबूत होता है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल होली मनाने का संदेश भी दिया। आयोजन शांतिपूर्ण और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
