
हनुमानगढ़। सरकार की ओर से प्रदान की जा रही वोकेशनल एजुकेशन यानि व्यवसायिक शिक्षा के तहत मंगलवार को जंक्शन की कैनाल कॉलोनी स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय अंग्रेजी माध्यम में प्रदर्शनी लगाई गई। इसके तहत कक्षा नौ एवं दस के 65 विद्यार्थियों ने सृजनात्मक कृतियों का निर्माण किया। बच्चों ने कपड़ों पर पेचवर्क, पेंटिंग, कढ़ाई, बैग, क्रोशिये से बने सामान की चेन बनाई। इसके अलावा गृह सज्जा में पेन स्टैण्ड, झूमर, फ्लॉवर पाट, वाल हैंगिंग आदि बनाए। निर्णायक मण्डल में प्रधानाचार्य गुरमीत सिंह, कौशल मित्र बिन्दु अरोड़ा तथा विशेष विशेषज्ञ अलका यादव शामिल रहे। रणदीप कौर व देवेन्द्र ओझा के निर्देशन में लगाई गई प्रदर्शनी में प्रथम स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागी जिला स्तर पर आयोजित होने वाली प्रदर्शनी में प्रतिभाग करेंगे। प्रधानाचार्य गुरमीत सिंह ने कहा कि इस तरह के आयोजन से बच्चों को प्रोत्साहन मिलता है। सरकार की ओर से वोकेशनल एजुकेशन शुरू करने के पीछे का मकसद है कि सरकारी नौकरी नहीं मिलने पर आपके लिए रोजगार के लिए बहुत बड़ा साधन है। बच्चे स्कूल से निकलते ही अपना रोजगार शुरू कर सकते हैं।

