हनुमानगढ़। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर यूथ वीरांगनाओं की ओर से 8 मार्च, रविवार को सेलिब्रेशन ऑफ स्किल्स एंड एम्पावरमेंट कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे टाउन स्थित अरोड़वंश धर्मशाला में आयोजित होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भरता, कौशल विकास और सामाजिक सशक्तिकरण के प्रति जागरूक करना है। समारोह में महिलाओं और युवतियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रमाण पत्र वितरण, उपहार वितरण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही कार्यक्रम में डेंटल चैक-अप कैंप भी लगाया जाएगा, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सक महिलाओं और आमजन को नि:शुल्क दंत जांच और परामर्श देंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दंत चिकित्सक डॉ. विवेक छाबड़ा तथा सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. सुमन चावला मौजूद रहेंगे। वे महिलाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और आत्मनिर्भरता से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा करेंगे। यूथ वीरांगनाओं ने शहर और आसपास के क्षेत्रों की महिलाओं, युवतियों और आमजन से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में हिस्सा लेने की अपील की है। यूथ वीरांगनाओं का कहना है कि ऐसे आयोजन समाज में महिलाओं के आत्मविश्वास, प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता को नई पहचान देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
