महिला दिवस पर ‘भूमि अधिकार’ विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन
संगरिया। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर चेतना रेडियो, संगरिया द्वारा एक विशेष रेडियो कार्यक्रम के अंतर्गत वाद–विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम “भूमि की बात महिलाओं के साथ” श्रृंखला के तहत आयोजित होगा, जिसमें महिलाओं के अधिकार और सामाजिक समानता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम का मुख्य विषय “न्यायपूर्ण समाज में समता व समानता के लिए महिला को भूमि अधिकार आवश्यक है” रखा गया है। इस विषय पर प्रतिभागी अपने विचार रखेंगे और महिला अधिकार, सामाजिक न्याय तथा ग्रामीण विकास में भूमि स्वामित्व की भूमिका पर तर्क प्रस्तुत करेंगे। आयोजकों के अनुसार इस प्रतियोगिता का उद्देश्य समाज में महिलाओं की भागीदारी, अधिकारों के प्रति जागरूकता तथा समान अवसरों के महत्व को उजागर करना है। यह वाद–विवाद प्रतियोगिता 8 मार्च 2026, रविवार को सायं 5:15 बजे आयोजित होगी। कार्यक्रम का आयोजन रवीन्द्र सदन, चेतना रेडियो, ब्लू बेल्स चिल्ड्रन एकेडमी परिसर, नाथवाना रोड, संगरिया में किया जाएगा। चेतना रेडियो के निदेशक (मानद) एवं सचिव संजय आर्य ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम समाज में महिलाओं के अधिकारों और उनकी भूमिका पर सकारात्मक संवाद को बढ़ावा देगा। उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों, विद्यार्थियों और समाजसेवियों से कार्यक्रम में भाग लेकर इसे सफल बनाने की अपील की है।
