ऐलनाबाद/सिरसा। 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सिरसा में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह को लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रहे हैं। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए सिरसा जिला प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल सहित विभिन्न मार्गों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। राज्य स्तरीय यह कार्यक्रम सिरसा स्थित चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के मल्टीपर्पज हॉल में आयोजित किया जाएगा। समारोह में प्रदेशभर से महिला सशक्तिकरण से जुड़ी अनेक प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, अधिकारी तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं शामिल होंगी। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को सम्मानित भी किया जाएगा तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। उपायुक्त शांतनु शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त वीरेंद्र सहरावत और पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने पुलिस लाइन सिरसा से लेकर कार्यक्रम स्थल तक पूरे रूट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल के साथ-साथ वैकल्पिक मार्गों का भी बारीकी से जायजा लिया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में यातायात को सुचारु रूप से संचालित किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम स्थल की बैरिकेडिंग, वीवीआईपी गैलरी, मीडिया गैलरी, पार्किंग व्यवस्था, साफ-सफाई, मोबाइल टॉयलेट्स और चेकिंग प्वाइंट्स की तैयारियों को विस्तार से देखा गया। इसके अलावा मुख्यमंत्री के आगमन के मद्देनजर बनाए गए हेलीपैड का भी निरीक्षण किया गया और वहां की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने सुनिश्चित किया कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुसार पूरी हों और कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। पुलिस अधीक्षक दीपक ने मौके पर तैनात फायर ब्रिगेड, डॉक्टरों की टीम और एंबुलेंस की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग पूरी तरह तैयार रहें। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसपी दीपक ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां की गई हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हर पहलू पर गंभीरता से काम किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन और पुलिस मिलकर समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत सिरसा पुलिस के लगभग 850 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी विभिन्न स्थानों पर तैनात रहेंगे।

सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में चप्पे-चप्पे की गहन जांच की जाए। संदिग्ध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। एसपी ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए कार्यक्रम स्थल और प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी। आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर विशेष नजर रखी जाएगी और कानून व्यवस्था को भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करें। इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक ने यह भी कहा कि ड्यूटी के दौरान पुलिस कर्मी आमजन के साथ मैत्रीपूर्ण व्यवहार रखें और उनका सहयोग प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत उच्च अधिकारियों तक पहुंचाई जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था को भी विशेष रूप से व्यवस्थित किया गया है। शहर के विभिन्न स्थानों पर पुलिस के नाके लगाए गए हैं और कई मार्गों पर रूट डायवर्जन किया गया है। प्रमुख मार्गों पर यातायात पुलिस के साथ-साथ अन्य सुरक्षाकर्मी भी तैनात किए गए हैं, ताकि वीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात सुचारु बना रहे और आमजन को कम से कम परेशानी हो। एसपी ने बताया कि शहर में आने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। वीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेंगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के सभी मानकों का सख्ती से पालन किया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने आमजन से भी सहयोग की अपील की है।

प्रशासन ने लोगों से कहा है कि यदि कोई विशेष आपात स्थिति न हो तो अनावश्यक रूप से वाहन लेकर शहर में प्रवेश न करें और संभव हो तो वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। इसके अलावा वाहन मालिकों से अपील की गई है कि वे अपने वाहनों को सड़कों पर खड़ा न करें और प्रशासन द्वारा निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें। यातायात पुलिसकर्मियों और नाकों पर तैनात अधिकारियों द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करने की भी अपील की गई है। प्रशासन का कहना है कि आमजन के सहयोग से ही इतने बड़े कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से सफल बनाया जा सकता है। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग का कहना है कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित यह राज्य स्तरीय कार्यक्रम सिरसा जिले के लिए महत्वपूर्ण है। ऐसे में प्रशासन की प्राथमिकता है कि कार्यक्रम पूरी तरह सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो। इसके लिए सभी विभागों को अपनी-अपनी जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से सौंप दी गई हैं और लगातार तैयारियों की समीक्षा भी की जा रही है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए पुलिस, प्रशासन और अन्य विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है। अधिकारियों को विश्वास है कि सभी व्यवस्थाओं के साथ यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न होगा और अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश पूरे प्रदेश में जाएगा।
संवाददाता- रमेश भार्गव
