हनुमानगढ़। नेहरू मेमोरियल विधि महाविद्यालय में विधिक सहायता केंद्र के तत्वावधान में माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) के निर्देशानुसार नेशनल विमेंस डे एवं सरोजिनी नायडू जयंती के अवसर पर ‘फ्रेम्स ऑफ जस्टिस’ विषय पर व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हनुमानगढ़ के सचिव गजेन्द्र सिंह तेनगुरिया रहे। मुख्य अतिथि तेनगुरिया ने अपने संबोधन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित निःशुल्क कानूनी सहायता, लोक अदालत के माध्यम से प्रतिकर प्रदान करने सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि लीगल सर्विसेज अथॉरिटीज एक्ट, 1987 की धारा 4(1) के अंतर्गत ‘फ्रेम्स ऑफ जस्टिस’ शीर्षक के तहत युवाओं में कानूनी जागरूकता और साक्षरता को बढ़ावा देने के लिए लघु फिल्म और रील प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा रहा है। इसके माध्यम से युवाओं की रचनात्मक भागीदारी बढ़ेगी और न्याय तक पहुंच को और मजबूत बनाया जा सकेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सीताराम ने बताया कि कॉलेज में संचालित विधिक सेवा क्लीनिक के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क विधिक सलाह और सहायता प्रदान की जाती है।

साथ ही समय-समय पर ग्रामीण क्षेत्रों में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों के माध्यम से कानूनी अधिकारों का प्रचार-प्रसार भी किया जाता है। विधिक सेवा क्लीनिक के प्रभारी डॉ. ब्रजेश कुमार अग्रवाल ने महाविद्यालय द्वारा संचालित विधिक सेवा क्लीनिक की गतिविधियों और अब तक उपलब्ध कराई गई विधिक सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर सह-आचार्य डॉ. के.बी. ओझा, सहायक आचार्य डॉ. मो. इमरान, अशोक कुमार, डॉ. दिनेश खोथ, निखिल सिग्ची, विकास चौधरी, मीनाक्षी धूड़िया, नीरज शर्मा, दिनेश कुमार, श्रवण कुमार, नरेश कुमार सहित कॉलेज स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
