ऐलनाबाद। हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक सोमवार और वीरवार को जिला व उपमंडल स्तर पर समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में वीरवार को उपमंडल कार्यालय डबवाली में एसडीएम अर्पित संगल, उपमंडल कार्यालय कालांवाली में एसडीएम मोहित कुमार तथा जिला लघु सचिवालय स्थित सभागार में जिला परिषद के सीईओ डॉ. सुभाष चंद्र ने नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई की और संबंधित विभागों के अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। समाधान शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखी गईं, जिन पर त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके अलावा उपमंडल स्तर पर भी समाधान शिविरों का आयोजन किया गया।

जिले में आयोजित समाधान शिविरों में कुल छह शिकायतें प्राप्त हुईं। एसडीएम अर्पित संगल ने कहा कि समाधान शिविर आमजन की समस्याओं के निवारण का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने बताया कि नागरिक प्रत्येक सोमवार व वीरवार को प्रातः 10 से 12 बजे तक जिला और उपमंडल स्तर पर आयोजित समाधान शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि समाधान शिविर में प्राप्त होने वाली शिकायतों की नियमित रूप से उच्च अधिकारियों द्वारा मॉनिटरिंग की जाती है, ताकि लोगों की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
संवाददाता- रमेश भार्गव
