हनुमानगढ़। चिंतपूर्णी समाज सेवा समिति ने गौसेवा की दिशा में सराहनीय पहल करते हुए जंक्शन की दुर्गा कॉलोनी स्थित गोशाला (नंदीशाला) में शैड निर्माण के लिए एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की है। इस राशि से गोशाला परिसर में शैड का निर्माण किया जाएगा, जिससे वहां रह रहे गोवंश को धूप और बारिश से बचाने के लिए बेहतर व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी। समिति सदस्यों ने बताया कि गोशाला में निराश्रित और बीमार गोवंश की सेवा की जाती है। ऐसे में शैड बनने से पशुओं को मौसम की मार से राहत मिलेगी और उनकी देखभाल भी अधिक सुचारू रूप से हो सकेगी। समिति ने भविष्य में भी गौसेवा और अन्य सामाजिक कार्यांे में सहयोग जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया। इस सहयोग कार्य में समिति के सदस्य नरेंद्र गर्ग, हैप्पी धूड़िया, विजय सिंगला, राजकुमार गोयल, विनोद गर्ग, बाबू गोयल और सुरेश निनानिया का विशेष योगदान रहा। सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से राशि एकत्रित कर गोशाला के विकास कार्य के लिए भेंट की। इस मौके पर मौजूद गोशाला समिति के सदस्य मगन लखोटिया, राजीव अग्रवाल, संजीव शर्मा, सुरेंद्र यादव, शक्ति गर्ग, कमल शर्मा, सुनील गुप्ता, मनोज शर्मा, सुशील डूडानी, निशु शर्मा, राज तिवारी, अनुज शर्मा, ओमप्रकाश लखोटिया और गिरधारी सारस्वत ने इस सहयोग को गौसेवा के लिए प्रेरणादायक बताया। गोशाला समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि समाज के सहयोग से ही गोशालाओं का संचालन और विकास संभव हो पाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी समाजसेवी संस्थाएं और आमजन इसी तरह आगे आकर गौसेवा में योगदान देते रहेंगे। समिति के सदस्यों ने बताया कि शैड निर्माण का कार्य शीघ्र ही शुरू कर दिया जाएगा, ताकि गोवंश को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।
