-आईटीआई बस्ती में आवारा कुत्तों का आतंक, नगर परिषद से कार्रवाई की मांग
हनुमानगढ़। जंक्शन क्षेत्र की आईटीआई बस्ती के निवासी इन दिनों आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक से बेहद परेशान हैं। समस्या से राहत दिलाने की मांग को लेकर बस्ती के नागरिक नगर परिषद आयुक्त के पास पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर जल्द प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की। नागरिकों का कहना है कि लंबे समय से क्षेत्र में आवारा और खूंखार कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे आमजन के लिए सड़कों पर निकलना तक मुश्किल हो गया है। मोहल्लेवासियों ने बताया कि आईटीआई बस्ती की गलियों और मुख्य मार्गांे पर दिन-रात कुत्तों के झुंड घूमते रहते हैं। ये कुत्ते राहगीरों, दुपहिया और साइकिल सवारों के पीछे दौड़ पड़ते हैं, जिससे कई बार लोग घबराकर गिर जाते हैं और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। क्षेत्र में कुत्तों के काटने की घटनाएं भी हो चुकी हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। नागरिकों का कहना है कि सबसे अधिक खतरा बच्चों, बुजुर्गांे और महिलाओं को है। स्कूल जाने वाले छोटे बच्चे और सुबह-शाम टहलने निकलने वाले बुजुर्ग अक्सर कुत्तों के झुंड से घिर जाते हैं। कई परिवारों ने अपने बच्चों को अकेले बाहर भेजना भी बंद कर दिया है। लोगों के अनुसार रात के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब कुत्तों के झुंड सड़क और गलियों में इकट्ठे होकर आने-जाने वालों पर भौंकते और दौड़ते हैं। मोहल्लेवासियों ने बताया कि इस समस्या के कारण पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया है और लोग घरों से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं। नागरिकों को आशंका है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है। निवासियों ने नगर परिषद प्रशासन से मांग की है कि आईटीआई बस्ती में घूम रहे आवारा कुत्तों को पकड़कर आबादी क्षेत्र से बाहर छोड़ा जाए तथा इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। साथ ही क्षेत्र में नियमित रूप से कुत्तों को पकड़ने की मुहिम चलाने और उनकी नसबंदी जैसी योजनाओं को भी प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग की गई है, ताकि लोगों को इस परेशानी से राहत मिल सके। इस मौके पर कृष्णलाल, गुरचरण सिंह, मेघराज, दीपक, राजकुमार, गोरधन, श्रवण कुमार सहित कई अन्य मोहल्लेवासी मौजूद रहे। नागरिकों ने उम्मीद जताई कि नगर परिषद प्रशासन जल्द कार्रवाई कर क्षेत्रवासियों को इस समस्या से राहत दिलाएगा।
