हनुमानगढ़। टाउन स्थित नेहरू मेमोरियल विधि महाविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत गुरुवार को साइबर सुरक्षा विषय पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (सिविल राइट्स एवं एएचटी) कार्यालय, राजस्थान, जयपुर के तत्वावधान में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग इंटरफेस के माध्यम से आयोजित हुआ। महाविद्यालय की आधुनिक स्मार्ट क्लास में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण बड़ी एलईडी स्क्रीन पर दिखाया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने तकनीक के माध्यम से जयपुर से जुड़े विशेषज्ञों के विचार लाइव सुने और साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को साइबर सेफ्टी से जुड़े विधिक प्रावधानों की जानकारी देना तथा डिजिटल युग में सुरक्षित रहने के प्रति जागरूक करना था। वक्ताओं ने बताया कि इंटरनेट और सोशल मीडिया के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराध भी तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए जागरूकता और सावधानी बेहद जरूरी है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. सीताराम ने कहा कि वर्तमान तकनीकी युग में महिलाओं की साइबर सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार और समाज दोनों के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है। सजगता और कानूनी जानकारी ही इस समस्या का सबसे प्रभावी समाधान है। समाज के हर वर्ग को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना जरूरी है ताकि लोग तकनीक का उपयोग बिना किसी भय के कर सकें। कार्यक्रम प्रभारी डॉ. बृजेश अग्रवाल ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए साइबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपायों और सुरक्षा प्रोटोकॉल की जानकारी दी। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से जारी साइबर सेफ्टी हेल्पलाइन के बारे में भी छात्र-छात्राओं को अवगत कराया और बताया कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी या साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत इसकी शिकायत की जानी चाहिए। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न प्रश्न भी पूछे, जिनका प्राचार्य ने प्रभावी ढंग से उत्तर देते हुए उन्हें डिजिटल सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं के बारे में समझाया। इस मौके पर सह-आचार्य डॉ. केबी ओझा, सहायक आचार्य डॉ. मोहम्मद इमरान, अशोक कुमार, डॉ. दिनेश खोथ, निखिल सिगची, हरीश यादव, विकास चौधरी, मीनाक्षी धूड़िया, नीरज शर्मा, दिनेश कुमार, श्रवण कुमार, नरेश कुमार सहित कॉलेज स्टाफ और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
