हनुमानगढ़। जिले के फेफाना थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इससे पहले इसी प्रकरण में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। जिला पुलिस अधीक्षक हनुमानगढ़ हरी शंकर ने बताया कि जिले में नशा तस्करी, अवैध मादक पदार्थों, अवैध हथियारों, जुआ-सट्टा, अवैध धंधों और संपत्ति संबंधी अपराधों पर रोक लगाने के साथ-साथ वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत गैंगस्टर और उनके सहयोगियों के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नोहर गीता चौधरी तथा वृताधिकारी नोहर सुभाषचन्द्र पूनियां के निकटतम सुपरविजन में थानाधिकारी नरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में फेफाना थाना पुलिस टीम ने मानवीय एवं तकनीकी आसूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए प्रकरण संख्या 26/2026 में वांछित आरोपी नवीन दान पुत्र प्रभूदान निवासी वार्ड नंबर 9, फेफाना को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं 352, 351(2), 351(3), 140(1), 115(2), 126(2), 109(1) और 189(2) के तहत मामला दर्ज है। पुलिस के अनुसार यह मामला 5 मार्च 2026 को दर्ज हुआ था, जब परिवादी सुनील पुत्र मालाराम भादू (उम्र 25 वर्ष) निवासी वार्ड नंबर 11 फेफाना ने थाना फेफाना में रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया गया कि 4 मार्च 2026 को नवीनदान चारण, पवन दान चारण, विशाल चारण, कर्ण चारण पुत्र देशराज चारण, संदीप चारण, हर्ष चारण तथा उनके सहयोगी अमित उर्फ दांतलिया, अमित हरियाणा सहित तीन-चार अन्य व्यक्तियों ने उसके भाई विनोद पर रॉड, डंडों, कापा और बरछी से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है, जबकि फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाधिकारी नरेन्द्र कुमार, कांस्टेबल काशीराम, मनीष कुमार और सुरेश कुमार शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
