संगरिया। संगरिया थाना पुलिस ने गश्त के दौरान एक युवक को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। जानकारी के अनुसार पुलिस थाना संगरिया के सहायक उप निरीक्षक राजेन्द्र चोटिया मय पुलिस स्टाफ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान नहर एनकेआर पटड़ा चक 02 एनकेआर रोही संतपुरा के पास संदिग्ध अवस्था में एक युवक दिखाई दिया। पुलिस टीम ने युवक को रोककर तलाशी ली तो उसके कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पुलिस थाना संगरिया में अभियोग संख्या 117/2026 धारा 03/25 (1-बी) (ए) आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच उप निरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद को सौंपी गई है और प्रकरण में अनुसंधान जारी है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संदीप कुमार पुत्र कालूराम ओड राजपूत (22) निवासी ढोलनगर, पुलिस थाना संगरिया के रूप में हुई है। इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक राजेन्द्र चोटिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में कांस्टेबल रविन्द्र कुमार और कांस्टेबल फारूख भी शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ क्षेत्र में लगातार कार्रवाई जारी है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्ती बरती जा रही है।
