हनुमानगढ़। गांव करणीसर में तोड़ी गई सिंचाई पाइप लाइन को दोबारा जोड़ने और प्रभावित किसानों को सुरक्षा उपलब्ध करवाने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी देहात मंडल हनुमानगढ़ टाउन के नेतृत्व में प्रभावित किसानों ने शुक्रवार को जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव को ज्ञापन सौंपा। देहात मंडल अध्यक्ष जसपाल सिंह व प्रदीप ऐरी ने बताया कि गांव करणीसर से होकर गुजरने वाली सिंचाई पाइप लाइन चक 13 एसएसडब्ल्यू से 35 एसएसडब्ल्यू तक जाती है, जो गांव के अंदर से होकर गुजरती है। पूर्व में कुछ लोगों की ओर से इस पाइप लाइन को तोड़ दिया गया था, जिससे किसानों की सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो गई थी। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर न्यायालय में भी सुनवाई हुई थी, जिसके बाद न्यायालय ने पाइप लाइन को दोबारा जोड़ने के आदेश जारी किए। न्यायालय के आदेश के बाद 6 फरवरी को मौके पर मजिस्ट्रेट और पुलिस जाप्ते की मौजूदगी में पाइप लाइन को जोड़ दिया गया था, लेकिन इसके बाद भी संबंधित पक्षों की ओर से बार-बार पाइप लाइन को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। इस संबंध में दो एफआईआर भी दर्ज हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। ज्ञापन में बताया गया कि प्रभावित किसानों ने इस मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक के समक्ष भी प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया था। पुलिस अधीक्षक की ओर से किसानों को मौखिक रूप से अपने खर्चे पर गली में कैमरे लगाने की सलाह दी गई। इसके बाद अब किसान पाइप लाइन को दोबारा जोड़ने की तैयारी कर रहे हैं। इसके तहत वार्ड नंबर 17, गली नंबर 7, गांव करणीसर में किसान अपने खर्चे से कैमरे लगाकर टूटी हुई पाइप लाइन को जोड़ने का प्रयास करेंगे। भाजपा पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन से मांग की कि पाइप लाइन जोड़ने के दौरान किसी भी प्रकार के विवाद या अप्रिय घटना से बचाव के लिए प्रभावित किसानों को पर्याप्त पुलिस सुरक्षा उपलब्ध करवाई जाए, ताकि पाइप लाइन को शांतिपूर्ण तरीके से दोबारा जोड़ा जा सके।
