ऐलनाबाद। जिला पुलिस द्वारा अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सदर थाना पुलिस ने गांव बुर्ज भंगू स्थित प्राइमरी स्कूल में हुई चोरी की वारदात को चंद ही घंटों में सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देशानुसार की गई कार्रवाई के बारे में जानकारी देते हुए सदर थाना प्रभारी ने बताया कि गुरमेश पुत्र जगदीश चंद्र निवासी गांव बुर्ज भंगू जिला सिरसा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 14 मार्च 2026 की रात अज्ञात युवक गांव के प्राइमरी स्कूल से दो कट्टे गेहूं और एक गैस सिलेंडर चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर थाना सदर सिरसा में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान सदर थाना पुलिस की टीम ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चोरी की वारदात में संलिप्त दो आरोपियों जगदीश पुत्र पाल सिंह और बंप्पा पुत्र काला सिंह निवासी गांव बुर्ज भंगू जिला सिरसा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया गैस सिलेंडर और गेहूं भी बरामद कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा।
संवाददाता- रमेश भार्गव
