-डिवाइडर के पत्थर उखड़ने लगे, आधी-अधूरी लगाई गई लोहे की जालियां: नगर पालिका ने ठेकेदार को जारी किया नोटिस
नोहर। शहर का प्रमुख रामचंद्र मटोरिया मार्ग इन दिनों बदहाल स्थिति का सामना कर रहा है। कांग्रेस शासनकाल में उपेक्षित रहा यह मार्ग अब भाजपा सरकार में भी लापरवाही का शिकार नजर आ रहा है। मार्ग के सौंदर्यीकरण के लिए नगर पालिका की ओर से लाखों रुपये का बजट स्वीकृत किए जाने के बावजूद ठेकेदार की मनमर्जी के कारण कार्य कछुआ गति से चल रहा है। जानकारी के अनुसार पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया के पिता स्वर्गीय रामचंद्र मटोरिया की स्मृति में बिहानी चौक से बिजली विभाग कार्यालय तक इस मार्ग का निर्माण कराया गया था। लेकिन पिछले पांच वर्षों के दौरान कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में इस मार्ग की कोई विशेष सुध नहीं ली गई, जिससे इसकी हालत लगातार खराब होती चली गई।

भाजपा सरकार बनने के बाद इस मार्ग के सौंदर्यीकरण की योजना बनाई गई और नगर पालिका ने इसके लिए लाखों रुपये का बजट भी स्वीकृत किया। हालांकि, कार्य की गति बेहद धीमी होने के कारण नगर पालिका की मंशा के अनुरूप विकास कार्य पूरे नहीं हो पा रहे हैं। वहीं निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठने लगे हैं। मार्ग के डिवाइडर पर लगाए गए लाल पत्थर कई स्थानों से उखड़कर गिरने लगे हैं। इसके अलावा डिवाइडर पर लोहे की जालियां भी अधूरी लगाई गई हैं, जिससे कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका ने संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी किया है। इस संबंध में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) बसंत सैनी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पालिका की टीम ने मौके पर निरीक्षण किया, जिसमें कई अनियमितताएं सामने आई हैं। उन्होंने बताया कि संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी कर तय समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि निर्धारित अवधि में कार्य पूरा नहीं किया गया तो ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
संवाददाता- संतोष
