हनुमानगढ़। क्षेत्र के रेलवे यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे स्टेशन धोलीपाल पर 14601/02 फिरोजपुर–हनुमानगढ़ इंटरसिटी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग को लेकर स्थानीय नागरिकों ने मंडल रेल प्रबंधक को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन भारतीय रेल के बीकानेर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक को संबोधित करते हुए दिया गया, जिसमें मांग की गई कि फिरोजपुर से हनुमानगढ़ के बीच चलने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस का ठहराव रेलवे स्टेशन धोलीपाल पर किया जाए। ज्ञापन में बताया गया कि श्रीगंगानगर से हनुमानगढ़ के बीच लगभग 67 किलोमीटर लंबे रेलखंड में यह ट्रेन केवल एक स्थान पर रुकती है, जबकि धोलीपाल एक महत्वपूर्ण स्टेशन है। यहां और आसपास के गांवों में बड़ी संख्या में सिख समुदाय सहित अन्य लोग निवास करते हैं, जिनकी आवाजाही पंजाब के अबोहर, फाजिल्का और जलालाबाद जैसे शहरों के लिए रहती है। यदि इस ट्रेन का ठहराव धोलीपाल स्टेशन पर किया जाता है तो क्षेत्रवासियों को सीधी रेल सुविधा मिल सकेगी। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि धोलीपाल से श्रीगंगानगर की ओर सुबह 7:40 बजे ट्रेन संख्या 54759 के बाद अगली रेल सेवा लगभग सात घंटे बाद उपलब्ध होती है। ऐसे में 14602 हनुमानगढ़–फिरोजपुर ट्रेन का संभावित समय सुबह 11:47 बजे होने से यात्रियों को काफी सुविधा मिल सकती है। इसके अलावा क्षेत्र के अनेक लोग दैनिक कार्य और शैक्षणिक उद्देश्यों से श्रीगंगानगर व अबोहर की यात्रा करते हैं, जिन्हें इस ठहराव से लाभ मिलेगा। ज्ञापन सौंपने वालों में मनदीप सिंह सिद्धू, संदीप सिंह राजपूत, पाल सिंह शेखावत, प्रमोद लाखोटिया और अंकित सहित अन्य क्षेत्रवासी शामिल रहे। उन्होंने रेलवे प्रशासन से जनहित को देखते हुए जल्द से जल्द धोलीपाल स्टेशन पर ट्रेन के ठहराव की मांग पूरी करने का आग्रह किया।
