-भोमिया जी मंदिर में गणगौर उत्सव, महिलाओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
संगरिया। स्थानीय माहेश्वरी महिला मंडल की ओर से पारंपरिक गणगौर उत्सव का उल्लासपूर्वक आयोजन वार्ड-7 स्थित भोमिया जी मंदिर परिसर में किया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने उत्साह और श्रद्धा के साथ कार्यक्रम में भाग लेकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम की शुरुआत मां गौरी और भगवान शिव स्वरूप गोर-ईशर की विधिवत पूजा-अर्चना से हुई। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित होकर गणगौर माता की प्रतिमा का श्रृंगार किया और मंगल लोकगीतों के माध्यम से अपनी आस्था प्रकट की। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिसमें पारंपरिक नृत्य, गीत और खेलों ने सभी का मन मोह लिया। माहेश्वरी महिला मंडल की अध्यक्ष सरोज राठी ने कहा कि गणगौर उत्सव भारतीय संस्कृति और नारी शक्ति का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज में आपसी प्रेम, एकता और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने का कार्य करते हैं। युवा संगठन के कपिल करवा ने बताया कि कार्यक्रम में भगवती करवा, संतोष राठी, सविता राठी, कंचन सोमानी, बिंदु सोमानी, कीर्ति राठी, राखी पेड़ीवाल, सुरभी पेड़ीवाल, प्रियंका करवा, श्वेता पेड़ीवाल, काव्या राठी और सिमरन राठी सहित कई महिलाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मंच संचालन मनीषा राठी और भावना राठी ने किया। इस दौरान आयोजित रोमांचक प्रतियोगिताओं में गरिमा राठी और पारुल करवा विजेता रहीं, जिन्हें पुरस्कृत किया गया।
नई कार्यकारिणी का गठन
कार्यक्रम के दौरान माहेश्वरी महिला मंडल की नई कार्यकारिणी का भी गठन किया गया। सर्वसम्मति से विम्पल गट्टाणी को अध्यक्ष, नीरू सोमानी को सचिव, राजकुमारी करवा को उपाध्यक्ष, विमला पेड़ीवाल को कोषाध्यक्ष, प्रियंका सोमानी को सांस्कृतिक मंत्री तथा अनिता करवा को सहसचिव चुना गया। कार्यकारिणी सदस्यों में किरण सोमानी, सोनू पेड़ीवाल, सुमन सोमानी, ज्योति राठी और मनीषा राठी को शामिल किया गया।
संवाददाता- कपिल करवा
