ऐलनाबाद। पुलिस अधीक्षक दीपक के निर्देश पर संपत्ति संबंधी अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डिंग थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने खेतों से ट्यूबवेल की केबल तार चोरी करने वाले गिरोह के दो अन्य सदस्यों को सिरसा जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार किया है। डिंग थाना प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपू पुत्र पप्पू राम निवासी हुड्डा सेक्टर-19, सिरसा तथा उमेश पुत्र रामू निवासी गांव जोधकां, जिला सिरसा के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि गांव जोधकां निवासी राजपाल पुत्र ओमप्रकाश ने डिंग थाना में शिकायत दी थी कि 11 जनवरी 2026 की रात अज्ञात युवकों ने गांव के करीब छह खेतों से ट्यूबवेल की केबल तार चोरी कर ली थी और मौके से फरार हो गए थे। मामला पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के संज्ञान में आते ही उन्होंने घटना को गंभीरता से लेते हुए डिंग थाना पुलिस को जल्द से जल्द चोरी की वारदातों का खुलासा करने के निर्देश दिए थे। पुलिस ने जांच के दौरान इस मामले में पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की केबल तार बरामद कर ली थी। पूछताछ के दौरान दो अन्य साथियों की पहचान सामने आई थी, जिन्हें अब सिरसा जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की पूर्ति के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया, जिसके दौरान उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में अन्य चोरी की वारदातों के खुलासे की भी संभावना है। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा।
संवाददाता- रमेश भार्गव
