ऐलनाबाद। जिला पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एबीवीटी स्टाफ सिरसा की पुलिस टीम ने अंतरराज्यीय मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस टीम के प्रभारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देशानुसार जिले भर में चोरी और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए एबीवीटी स्टाफ की टीम ने आरोपी को काबू करने में सफलता हासिल की। उन्होंने बताया कि जिला फतेहाबाद के गांव बोदिवाली निवासी कुलदीप सिंह ने थाना डिंग में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 6 अप्रैल 2025 को सुबह करीब 11:30 बजे वह अपनी मोटरसाइकिल लाइब्रेरी के सामने खड़ी कर पढ़ाई करने के लिए अंदर चला गया था। जब वह शाम को वापस लौटा तो उसकी मोटरसाइकिल वहां से चोरी हो चुकी थी। पीड़ित की शिकायत के आधार पर थाना डिंग में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मोटरसाइकिल चोरी का मामला दर्ज कर जांच एबीवीटी स्टाफ सिरसा को सौंपी गई थी। जांच के दौरान पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बकरियांवाली निवासी विजय उर्फ कातिया को कोटली मोड़, डिंग क्षेत्र से चोरीशुदा मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उसने दो मोटरसाइकिलें राजस्थान के हनुमानगढ़ क्षेत्र से, दो हिसार से तथा एक मोटरसाइकिल डिंग थाना क्षेत्र से चोरी की थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की पांचों मोटरसाइकिलें बरामद कर ली हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी नशे का आदी है और नशे की पूर्ति के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। फिलहाल आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है और उससे अन्य वारदातों के बारे में भी पूछताछ जारी है। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जिला पुलिस का संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
संवाददाता- रमेश भार्गव
