ऐलनाबाद। जिले को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से वीरवार को उपायुक्त शांतनु शर्मा की अध्यक्षता में स्थानीय लघु सचिवालय स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन कमेटी की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में चल रहे नशा मुक्ति अभियान से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण भी उपस्थित रहे, जबकि डबवाली की पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुईं। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि नशे के उन्मूलन के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं तथा अभियान को और अधिक तेज किया जाए। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए महाविद्यालय स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए सम्मानित किया जाएगा, जिससे युवाओं में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और जागरूकता को बढ़ावा मिलेगा। उपायुक्त ने अधिकारियों को मेडिकल स्टोरों की नियमित और सघन जांच करने के भी निर्देश दिए, ताकि अवैध रूप से नशीली दवाइयों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। साथ ही उन्होंने गांवों में नशे के कारोबार से जुड़े लोगों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति अभियान को सफल बनाने के लिए जन-जागरूकता कार्यक्रमों का दायरा बढ़ाया जाए, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग को इस मुहिम से जोड़ा जा सके। बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्यवान ढिलौड, उप सिविल सर्जन डॉ. पंकज शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
संवाददाता- रमेश भार्गव
