नोहर। सिंधी समाज द्वारा मनाए जाने वाले चेटीचंड महोत्सव को लेकर शहर में तैयारियां जोरों पर हैं। महोत्सव के उपलक्ष्य में 20 और 21 मार्च को विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महोत्सव की तैयारियों के तहत 15 मार्च से 19 मार्च तक प्रतिदिन सुबह 6:15 बजे प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी का शहर के विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा और ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया। इसमें सिंधी समाज के छोटे-बड़े बच्चे, महिलाएं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम से संबंधित जानकारी के अनुसार 20 मार्च को दोपहर 3 बजे शहर में चेटीचंड महोत्सव की विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस अवसर पर सिंधी समाज के लोगों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि शोभायात्रा के दौरान समाज के सभी प्रतिष्ठान बंद रखे जाएंगे।वहीं 21 मार्च को सुबह 11 बजे से 12 बजे तक पूज सिंधी पंचायत, नोहर के शैक्षिक प्रकोष्ठ द्वारा सिंधियत प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 21 मार्च की शाम को आयोजित कीर्तन संध्या में सम्मानित किया जाएगा। साथ ही प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को जिला सिंधी महापंचायत, हनुमानगढ़ द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। इस अवसर पर बाबा साहब बुलचंद भागवानी, सिंधी समाज के जिलाध्यक्ष हरीश वाधवानी, पूज सिंधी पंचायत अध्यक्ष रमेश वाधवानी, मंदिर कमेटी अध्यक्ष टीकम मोटवानी, सचिव मुकेश पेशवानी, जिला सचिव राजकुमार मोटवानी, प्रभात फेरी प्रभारी पंकज दातवानी, सुशील सेवकानी, केवल गुरनानी, मां दुर्गा सेवा समिति अध्यक्ष जितेंद्र बचवानी, राजकुमार ज्ञानानी, देवानंद ज्ञानवानी, सतीश मनवानी, मनोज वाधवानी, दीपक सिंधी, बाबूलाल मोटवानी सहित सिंधी समाज के अनेक लोग उपस्थित रहे।
संवाददाता- संतोष
