हनुमानगढ़। दुःख निवारण पीर निगाहा दरबार श्री पीरखाना में आयोजित होने वाले 29वें शुभ सालाना दीवान (मेला पीरां दा) को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इस संबंध में दरबार परिसर में आयोजन समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें 22 मार्च 2026 को प्रस्तावित भव्य शोभा यात्रा तथा 26 मार्च 2026, वीरवार को आयोजित होने वाले शुभ सालाना दीवान के कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया गया। बैठक की अध्यक्षता श्री राम गोयल ने की। बैठक में समिति के पदाधिकारियों व सदस्यों ने आयोजन को सफल, भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान प्रेम कुमार मित्तल (दोदे वाले), प्रेम कुमार मित्तल (मौड़ वाले), पवन गर्ग, हरिप्रकाश गर्ग, भगवान कुमार गर्ग, अशिन्द्र कुमार बंसल, लोकेश गर्ग, पुष्कर गर्ग, प्रमोद गोयल, अशोक मित्तल, हैप्पी मित्तल, मोहित गर्ग, मनोज अग्रवाल, मनोज मित्तल, मनीष गोयल, सुभाष बंसल, हरीश गोयल, विकास गोयल और लालचंद सहित अनेक सेवादार उपस्थित रहे। समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 26 मार्च को प्रातः 9:15 बजे रोजे स्नान, प्रातः 10:15 बजे चद्दर चढ़ाने की रस्म अदा की जाएगी तथा सायं 7:15 बजे भव्य दीवान सजाया जाएगा। दीवान में बाबा लखदाता पीर साहिब जी एवं बाबा मलेरकोटला वाले पीर हैदर शेख मीरां साहिब जी का गुणगान किया जाएगा, जिसमें दूर-दूर से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसके अलावा 22 मार्च 2026 को दोपहर 2 बजे दरबार से भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरेगी। शोभा यात्रा में आकर्षक झांकियां, भजन-कीर्तन और श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में भागीदारी मुख्य आकर्षण रहेगी। कार्यक्रम के मुख्य निवेदक बाबा हरबंसलाल गर्ग चैरिटेबल ट्रस्ट (रजि.) एवं दुःख निवारण पीर निगाहा दरबार श्री पीरखाना (रजि.) हैं। आयोजन में गद्दीदार बाबा संदीप कुमार गर्ग एवं गुरुमाता उषा रानी का विशेष आशीर्वाद रहेगा। भजन-कीर्तन की प्रस्तुति बंटी शर्मा एवं हनी शर्मा ग्रुप (मंडी डबवाली) द्वारा दी जाएगी। समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया है तथा रात्रि में आयोजित होने वाले बाबा जी के शुभ भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने का आग्रह किया है। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
