हनुमानगढ़। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में सशक्त नारी संस्थान द्वारा जिले का पहला एवं सबसे बड़ा महिला सम्मान समारोह ‘प्रतिष्ठा- 2026’ का आयोजन 8 मार्च, रविवार को किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित कर उन्हें प्रोत्साहित करना तथा महिला सशक्तिकरण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। संस्थान की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार समारोह ग्रैंड इन होटल, हनुमानगढ़ जंक्शन में दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित होगा। इस विशेष अवसर पर पूरे जिले से चयनित 101 महिलाओं को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सेवा, उद्यमिता, कला-संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय महिलाओं को मंच प्रदान किया जाएगा। संस्थान की संस्थापक एवं अध्यक्ष एडवोकेट मिताली अग्रवाल ने बताया कि ‘प्रतिष्ठा- 2026’ का मूल उद्देश्य उन महिलाओं को पहचान और सम्मान देना है, जो अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर समाज के लिए प्रेरणा बन रही हैं। उन्होंने कहा कि “जहां नारी करे, नारी का सम्मान” की भावना के साथ आयोजित यह कार्यक्रम महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने और समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। उन्होंने आगे बताया कि समारोह में शहर की गणमान्य हस्तियों, समाजसेवियों, शिक्षाविदों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम के दौरान प्रेरक वक्तव्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा सम्मान वितरण जैसे आकर्षक आयोजन भी किए जाएंगे, जिससे समारोह को यादगार बनाया जा सके। संस्थान ने जिले की महिलाओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भागीदारी करने का आह्वान किया है। आयोजकों के अनुसार यह आयोजन न केवल प्रतिभाशाली महिलाओं को मंच देगा, बल्कि समाज में महिला सम्मान और समानता के संदेश को भी मजबूत करेगा।
सशक्त नारी संस्थान परिवार ने कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूर्ण होने का दावा करते हुए बताया कि समारोह को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक प्रतिभागी संस्थान से संपर्क कर सकते हैं। यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिले में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जिससे समाज में महिलाओं की उपलब्धियों को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
