हनुमानगढ़। शहर की संस्कार इंटरनेशनल एकेडमी के विद्यार्थियों ने इंटरनेशनल रंगोत्सव सेलिब्रेशन 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में रंग भरना, हस्तलेखन, स्केचिंग सहित विभिन्न रचनात्मक कला गतिविधियों में देश-विदेश के कई विद्यालयों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विभिन्न श्रेणियों में प्रथम, द्वितीय, चतुर्थ पुरस्कार, क्रिएटिव आर्टिस्ट अवॉर्ड, अंतरराष्ट्रीय मेडल और सांत्वना पुरस्कार हासिल किए। इस प्रतियोगिता में मिलन पंवार और शिव्यांश ने प्रथम पुरस्कार, नव्या वर्मा ने द्वितीय पुरस्कार, जबकि लव्याकाश भाडू ने चतुर्थ पुरस्कार प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। इसके अलावा अन्य विद्यार्थियों ने भी रंग भरने, हस्तलेखन और स्केचिंग प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी, अंतरराष्ट्रीय मेडल और क्रिएटिव आर्टिस्ट अवॉर्ड अपने नाम किए। विद्यालय के प्राचार्य एलबी सुब्बा ने सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनकी मेहनत, लगन और रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अभिभावकों को भी उनके निरंतर सहयोग और प्रोत्साहन के लिए धन्यवाद दिया। प्राचार्य ने विशेष रूप से डॉ. जगसीर सिंह के मार्गदर्शन की प्रशंसा की, जिनके निर्देशन में विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता की तैयारी कर यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की।
