हनुमानगढ़। अमरपुरा थेड़ी में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल की संगठनात्मक बैठक उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुई। बैठक में संगठन के विस्तार, आगामी कार्यक्रमों तथा सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष डॉ. निशांत बतरा ने संगठन की मजबूती एवं विस्तार पर बल देते हुए आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। वहीं जिला उपाध्यक्ष मोहन चगोई ने कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने, युवाओं को अधिक से अधिक संख्या में संगठन से जोड़ने तथा समाज में समरसता, सेवा और संस्कार के कार्यों को गति देने का आह्वान किया। इस दौरान आगामी धार्मिक आयोजनों एवं सेवा कार्यों की रूपरेखा भी तैयार की गई। बजरंग दल के जिला सहसंयोजक एडवोकेट सुनील चाहर ने कहा कि बजरंग दल समाजहित, राष्ट्रहित एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से पूर्ण समर्पण, अनुशासन और सक्रियता के साथ संगठन को मजबूत बनाने का आग्रह किया। बैठक के अंत में प्रखंड सत्संग प्रमुख रमेश स्वामी ने बताया कि कार्यकर्ताओं ने संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने तथा समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। साथ ही ग्राम इकाई का गठन किया गया, जिसमें विक्रम सिंह शेखावत को विहिप ग्राम अध्यक्ष, सोनू शर्मा को ग्राम मंत्री, महावीर स्वामी को संरक्षक, हर्ष को बजरंग दल ग्राम संयोजक, युवराज को सहसंयोजक, ललित को मिलन प्रमुख, अनमोल पंवार को सुरक्षा प्रमुख, जीतू टाक को गौरक्षा प्रमुख तथा अनिल को संपर्क प्रमुख नियुक्त किया गया। इस अवसर पर डॉ. महावीर स्वामी, छिद्र सिंह, अजय स्वामी, मधुसूदन, हेमंत सहित संगठन के कार्यकर्ता एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
